पप्पू यादव का बड़ा दावा: दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हत्या की साजिश, चाकू लेकर हमलावर घुसा

 बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रविवार को अपने दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक गंभीर घटना का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति चाकू लेकर उनकी हत्या की साजिश रचते हुए वहां घुस आया था। सांसद के समर्थकों ने हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई जब पप्पू यादव मीडिया से बातचीत कर रहे थे। अचानक हंगामा शुरू हो गया। समर्थकों का कहना है कि एक युवक भीड़ में घुसकर पीछे से चाकू निकालने की कोशिश कर रहा था। उसे तुरंत काबू में कर लिया गया। पप्पू यादव ने बाद में मीडिया से कहा, “मेरे घर में कोई कैसे घुस गया हमला करने? वह चाकू लेकर मुझे मारने आया था। बाबा लोग रोज कह रहे हैं कि मुझे मार दो, जला दो, हम 51 लाख रुपये देंगे। हमने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मुझे मारने की साजिश रची गई थी, लेकिन मैं बच गया।”

उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। कुछ लोगों ने


सोशल मीडिया पर इनाम की घोषणा भी की थी। पप्पू यादव ने दावा किया कि पिछली रात हमलावरों ने उनके बच्चों के घर पर भी पहुंचने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, “अब मेरे बच्चों को डराने की कोशिश हो रही है। यह नहीं चलेगा। मैं डरने वाला नहीं हूं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है तो आकर मार दे।”

पुलिस ने आरोपी की पहचान की दिल्ली पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुमित नाम का 34 वर्षीय व्यक्ति है। वह गाजियाबाद का आयरन ट्रेडर है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद तहसील के साहपानी गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक अन्य व्यक्ति हैप्पी नाम का भी शामिल था, जो बाहर क्रेटा कार में इंतजार कर रहा था। सुमित ने कथित रूप से सांसद पर चप्पल भी फेंकी थी।

पप्पू यादव के वकील ने दिल्ली पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से लगातार धमकियों की शिकायत की जा रही थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई।

यह घटना राम मंदिर चढ़ावा विवाद और संसद में हुए प्रदर्शनों के बीच हुई है। पप्पू यादव हाल में कई विवादास्पद बयानों और विरोध प्रदर्शनों में शामिल रहे हैं। वे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियों का दावा कर चुके हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने