कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को अपने पार्टी के सहयोगी मणिशंकर अय्यर पर जमकर निशाना साधा और उन्हें ‘सिरफिरा’ (पागल व्यक्ति) तक कह डाला। अशोक गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए मणिशंकर अय्यर की निंदा की और कहा कि यह बयान अय्यर की ‘हताशा’ की पराकाष्ठा को दर्शाता है। अशोक गहलोत ने संवाददाताओं से कहा कि जिस रूप से राजीव गांधी के बारे में अचानक टिप्पणियां (अय्यर की टिप्पणी) की गयी हैं, वह हताशा की पराकाष्ठा हैं। इतनी हताशा में व्यक्ति क्या बोलता है, उसको खुद को ही समझ में नहीं आता। राजीव गांधी ने दुनिया के मुल्कों में भारत का मान बढ़ाया। गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में जो कानून पारित किए गए वे इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिख गए और उस व्यक्ति के बारे में टिप्पणियों की जितनी निंदा की जाए कम है।