तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पिछले तीन दिनों में अभूतपूर्व बारिश और बाढ़ ने 35 लोगों की जान ले ली, सड़कें और रेल पटरियां क्षतिग्रस्त हो गईं, हजारों एकड़ की फसल जलमग्न हो गई और लोगों को आवश्यक वस्तुओं की तलाश करनी पड़ी।बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण शनिवार से लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों दक्षिणी राज्यों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया जिससे तेलंगाना में बारिश से संबंधित घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई और पड़ोसी आंध्र प्रदेश में 19 लोगों की मौत हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में और बारिश होने का अनुमान जताया है।
तेलंगाना में लगातार बारिश से निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, फसलों को नुकसान पहुंचा है और पड़ोसी आंध्र प्रदेश के साथ राज्य का रेल और सड़क संपर्क बाधित हो गया है।तेलंगाना में रेवंत रेड्डी सरकार ने प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार नुकसान 5,000 करोड़ रुपये बताया है और केंद्र से 2,000 करोड़ रुपये की तत्काल सहायता मांगी है। राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू ने संवाददाताओं से कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सरकार जल्द ही पूरा ब्योरा देगी।
