कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के सदाशिवनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आरएमवी सेकेंड स्टेज (RMV 2nd Stage) में एक किराए के घर में परिवार के सभी चार सदस्यों का शव बरामद हुआ है। मृतकों में एक पुरुष, महिला और दो बच्चे शामिल हैं। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के मूल निवासी थे।
- अनूप कुमार (38 वर्ष)- सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट के रूप में निजी कंपनी में कार्यरत थे।
- राखी (35 वर्ष)- अनूप कुमार की पत्नी।
- 5 वर्षीय लड़की- अनूप और राखी की बेटी।
- 2 वर्षीय लड़का - अनूप और राखी का बेटा।
घटना की सूचना मिलने के बाद सादाशिवनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने मौत की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। बता दें कि अनूप कुमार बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट काम कर रहे थे और परिवार के साथ आरएमवी सेकेंड स्टेज इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। इलाके के लोग इस घटना से हैरान हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
